अमरोहा। बाढ़ की तैयारियों को लेकर डीएम ने बाढ़ स्टीयरिंग ग्रुप एवं आपदा से बचाव के लिए विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने समय रहते संभावित बाढ़ से बचाव के उपायों के बारे में चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कहा कि समय रहते दैवीय आपदा से प्रभावित संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए शरणालय और राहत केंद्रों को स्थापित कर दिया जाए। उन्होंने सभी विभागों से इसके लिए कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए खाद्य सामग्री, ईंधन एवं गैस आदि का उचित प्रबंध रखें। बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए अभी से तैयारी शुरू कर दें।
बाढ़ के दौरान महामारियों एवं संक्रामक रोगों से बचाव के लिए जरूरी चिकित्सकीय व्यवस्था एवं टीकाकरण के साथ-साथ स्टाफ की व्यवस्था रखने के निर्देश सीएमओ दिए। अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड एवं एसडीएम संयुक्त रूप से बाढ़ क्षेत्र का निरीक्षण कर पूर्व से ही आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें। सीवीओ को निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के टीकाकरण एवं उपचार संसाधनों की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। बाढ़ चौकियों के साथ गोताखोरों की तैनाती के निर्देश भी दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) सुरेन्द्र सिंह, उप जिलाधिकारी सदर सुधीर कुमार, एसडीएम हसनपुर, जिला कृषि अधिकारी बब्लू कुमार सहित तमाम विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।