पीएम आवास दिलाने का झांसा देकर एक-एक हजार रुपये वसूले, ऋण भी निकाला
अमरोहा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अनुदान दिलाने का झांसा देकर नौ महिलाओं से एक-एक हजार रुपये वसूल लिए। बाद में महिलाओं के नाम से कृषि ऋण निकाल लिया। मामले की जानकारी हुई तो महिलाओं के होश उड़ गए। पीड़ितों ने न्यायालय की मदद लेकर पांच लोगों के खिलाफ अमानत में खयानत मारपीट धमकी और गाली गलौज के आरोप में केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कुरेशी में ताहिर का परिवार रहता है। उसकी पत्नी सोविया का आरोप है कि कुछ लोगों ने महिलाओं को इकट्ठा करके प्रधानमंत्री आवास के नाम पर एक और दो लाख अनुदान दिलाने का झांसा दिया। इस दौरान नौ महिलाओं दिसंबर 2021 को आरोपियों को अपने आधार कार्ड पैन कार्ड व एक-एक हजार रुपये दे दिए। लेकिन पीड़ितों को आवास के लिए अनुदान नहीं मिला। लेकिन कई महीने बाद 25 नवंबर 2022 को महिलाओं को पता चला कि उनके फर्जी अंगूठा पर फर्जी प्रमाण पत्र बनवा कर आरोपियों ने बैंक से लोन निकाल लिया। जबकि महिलाएं पूरी तरह भूमिहीन है। पीड़ितों ने मामले की शिकायत पुलिस से की तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। लिहाजा उन्होंने न्यायालय की शरण ली। महिलाओं ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने मारपीट की। जान से मारने की धमकी दी। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि मामले में एसएजीएम प्रथम के आदेश पर मोहल्ला शिवद्वारा के रहने वाले गुलशेर, आसिम, फरजाना, फिरदोस और यूसुफ के खिलाफ अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।