आदमपुर। मोबाइल टावर लगवाने के नाम पर डेढ़ लाख की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने एसपी के आदेश पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के गांव खरपड़ी निवासी विजय कुमार 20 मार्च को घर के पते पर डाक द्वारा एक लिफाफा पहुंचा। जिसमें एक मोबाइल नंबर लिखा था। एक कागज पर मोबाइल टावर से संबंधित कुछ जानकारी लिखी हुई थी। मोबाइल नंबर पर बात की गई तो बताया गया कि आपकी जमीन पर मोबाइल टावर लगवाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। जगह का 25 हजार रुपये माह किराया दिया जाएगा और एक व्यक्ति को नौकरी दी जाएगी। पहले कहा गया कि 640 रुपये आवेदन शुल्क खाते में जमा करना है। इसके बाद स्टांप शुल्क के रूप में 17660 रुपये लिए गए। इसी प्रकार है कि करीब 168299 रुपये खाते में डलवाए गए। इसके बाद ठगी का अहसास हुआ तो पुलिस अधीक्षक से शिकायत की गई।
एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश किए। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। संवाद
-