गजरौला में सीएचसी की एंबुलेंस में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, बाल-बाल बचा चालक
गजरौला (अमरोहा)। शॉर्ट सर्किट से सीएचसी की एंबुलेंस मे आग लग गई। एंबुलेंस से धुआं उठता देख आसपास के लोग दौड़ पड़े। आसपास के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। मरीज को छोड़कर आए चालक ने आधे घंटे पहले ही एंबुलेंस लाकर खड़ी की थी। उसमें कोई मरीज नहीं था।
गजरौला सीएचसी की सरकारी एंबुलेंस 102 का चालक सोमवार की सुबह महिला मरीज को उसके घर छोड़ कर आया था। करीब नौ बजे उसने एंबुलेंस को अस्पताल के बाहर खड़ा किया था। चालक व ईएमटी अंदर कमरे में चले गए। आधे घंटे बाद एंबुलेंस से धुआं उठता देख आसपास के लोग दौड़ पड़े। लोगों ने शोर मचाते हुए एंबुलेंस कर्मियों को सूचना दी। एंबुलेंस की वायरिंग जलने की सूचना मिलते ही एंबुलेंस कर्मी दौड़ पड़े। गनीमत की बात यह रही कि चालक एंबुलेंस से आधे घंटे पहले मरीज को छोड़ कर आया था। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। सरकारी एंबुलेंस के कार्यक्रम अधिकारी अमित चौहान ने बताया कि 102 की वायरिंग में आग लगने का मामला सामने आया है। आग किस कारण लगी, इसकी जांच की जा रही है।