अमरोहा। सीबीएसई बोर्ड के नतीजों में एक बार फिर बेटियों ने बाजी मारी है। 10वीं में जहां 85.88 फीसदी बेटियों ने सफलता पाई है, वहीं 12वीं में 96.72 फीसदी बेटियां उत्तीर्ण हुई हैं। वहीं 10वीं में लड़कों के उत्तीर्ण होने का प्रतिशत 69.32 व 12वीं में 92.78 प्रतिशत रहा है।
सोमवार को घोषित हुए नतीजों में बेटियां बेटों पर फिर भारी पड़ी हैं। 12 के नतीजों के अनुसार जिले से 968 बेटियों ने परीक्षा के लिए अपना पंजीकरण कराया था। जिसमें से 963 बेटियां परीक्षा में शामिल हुईं और 827 ने परीक्षा में सफलता हासिल की। वहीं बेटों के पास होने का प्रतिशत बेटियों से बहुत कम रहा है। 12वीं में कुल 69.32 फीसदी बेटों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। इसके अलावा 10वीं में 96.72 प्रतिशत बेटियों ने सफलता पाई। जबकि बेटों के पास होने का प्रतिशत 92.78 फीसदी रहा है।
अमरोहा। पिछले साल के परीक्षा परिणाम की तुलना में इस बार बेटियों ने सुधार किया है। पिछले साल 2023 में 10वीं में जहां 95.95 फीसदी बेटियां उत्तीर्ण हुई थीं, वहीं इस साल यह आंकड़ा 96.72 पहुंच गया है। वहीं पिछले वर्ष जहां 91.23 फीसदी लड़के पास हुए थे, तो अबकी बार 92.78 फीसदी लड़कों ने सफलता हासिल की है। 12वीं में साल 2023 में 87.31 फीसदी बेटियां पास हुई थी तो अबकी बार 85.88 फीसदी बेटियां ही उत्तीर्ण हुई हैं। जबकि 12वीं में इस साल बेटों का प्रदर्शन भी पिछले साल की तुलना में गिरा है। गत वर्ष 12वीं में जहां 74.2 फीसदी लड़के पास हुए थे, तो इस साल 69.32 फीसदी लड़के ही परीक्षा की इस नैया काे किनारे लगा सके हैं।
जिले का 10वीं कक्षा में इस साल 94.27 फीसदी छात्र-छात्राओं ने सफलता हासिल की है। वहीं 12वीं में 77.60 फीसदी परीक्षार्थियों ने सफलता पाई है। दसवीं में पिछले साल 91.47 फीसदी बच्चे पास हुए थे, जबकि 12वीं में बच्चों की सफलता का प्रतिशत 79.41 रहा था।