अमरोहा। निकाय चुनाव में रिश्वत लेने व देने, मतदाता को धमकी देने पर मुकदमा दर्ज होगा। विधिक कार्रवाई के लिए उड़नदस्ते की टीमें गठित कर दी गई हैं। शिकायत के लिए 05922-252062 पर संपर्क कर सकते हैं।
अपर जिलाधिकारी एवं उपजिलानिर्वाचन अधिकारी नगर निकाय भगवान शरण ने बताया कि नगर निकाय सामान्य निर्वाचन-2023 के दृष्टिगत जनपद में चुनाव आदर्श आचार संहिता के अनुपालन के क्रम में रिश्वत लेने व देने वाले दोनों के विरूद्ध मामले दर्ज करने के लिए और ऐसे लोगों, जो निर्वाचकों को डराने और धमकाने में लिप्त है, के विरूद्ध कार्यवाही करने के लिए उड़नदस्ता टीमें गठित की गई हैं। मतदाता किसी प्रकार की रिश्वत लेने में परहेज करें। यदि कोई व्यक्ति किसी रिश्वत की पेशकश करता है या उसे रिश्वत और निर्वाचकों को डराने, धमकाने के मामलों की जानकारी है तो उनको शिकायत प्राप्त करने के लिए जिला स्तर पर स्थापित किए गए शिकायत प्रकोष्ठ के दूरभाष नंबर 05922-252062 पर सूचित कर सकेंगे। राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि व आमजन दो लाख से अधिक की नकदी साथ ले जाने पर जरूरी दस्वावेज साथ रखें।