हसनपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव धौरिया में महाराणा प्रताप के बोर्ड से आंबेडकर जयंती से जुड़ी झंडी हटाने को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद पुलिस ने 41 लोगों के खिलाफ आचार संहिता का उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की है। जिसमें गांव के छह लोगों को नामजद करते हुए 35 अज्ञात को आरोपी बनाया गया है। फोटो-वीडियो की आधार पर अज्ञात आरोपियों की पहचान की जा रही है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव धौरिया में महाराणा प्रताप का बोर्ड लगा हुआ है। आंबेडकर जयंती के मौके पर गांव के कुछ लोगों ने बोर्ड के दोनों ओर जयंती से जुड़ी झंडी लगा दी थीं। इसको लेकर दूसरे पक्ष के लोगों में रोष फैल गया था। सोमवार की रात को कुछ शरारती तत्वाें ने महाराणा प्रताप के बोर्ड से झंडी हटा दीं। इससे नाराज लोगों ने पुलिस से फोन करके शिकायत की। उधर, कुछ लोग एकत्र होकर बाइकों पर सवार होकर हाथों में डंडे लेकर गांव में दहशत का माहौल बनाने के लिए घूमे थे।
इस मामले की शिकायत होने पर पुलिस हरकत में आई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि गांव में पनपे विवाद के बाद कुछ लोगों ने आचार संहिता का उल्लंघन भी किया। वह जुलूस के रूप में भय का माहौल बनाने के लिए गांव में निकले। हल्का दरोगा सतीश कुमार की तहरीर पर श्योराज, राजकुमार, विक्रम, वेदप्रकाश, जितेंद्र व प्रदीप को नामजद करते हुए 35 अज्ञात के खिलाफ धमकी और आचार संहिता के उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की गई है।