गजरौला(अमरोहा)। हरियाणा के युवकों ने गढ़मुक्तेश्वर मेले में किराये पर टेंट लेकर वापस नहीं लौटाया। किराये के 77 हजार रुपये भी नहीं दिए। ठेकेदार ने अपना सामान और रुपये मांगे तो आरोपियों उसके साथ मारपीट की। जान से मारने की धमकी दी। मामले में न्यायालय के आदेश पर दो नामजद समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
गजरौला थानाक्षेत्र के नगलिया मेव में अनुसूचित जाति के नन्हे सिंह का परिवार रहता है। गढ़मुक्तेश्वर मेले में टेंट लगाने का कारोबार करते हैं। 27 नवंबर 2023 को नन्हे सिंह गढ़मुक्तेश्वर मेले में टेंट की दुकान लेकर गए थे और मेले में किराये पर टेंट लगाने शुरू कर दिए। इस दौरान उनकी मुलाकात हरियाणा के जनपद पलवल में थानाक्षेत्र गदपुरी के जनोली गांव के रहने वाले हरकेश और जगदीश से मुलाकात हुई। आरोपियों ने किराये पर टेंट का सामान ले लिया। जिसका कुल किराया 94 हजार 700 निकाला। दोनों ने आरोपियों ने 17 हजार रुपये दे दिए थे, जबकि 77 हजार 700 रुपये बाकी रह गए थे। इस बीच आरोपी 27 नवंबर 2023 को बिना किराया अदा किए और सामान लेकर चले गए। 21 दिसंबर 2023 को आरोपियों ने फोन कर बताया कि वह गजरौला आए हुए हैं और किराये के रुपये देने हैं। सामान बाद में पहुंचा देंगे। पीड़ित नन्हे थानाक्षेत्र के ख्यालीपुर ढाल पर पहुंच गया। यहां जगदीश और हरकेश अपने दो साथियों के साथ मौजूद थे। तभी आरोपियों ने नन्हे सिंह को खींचकर अपनी गाड़ी में डाल लिया और बुरी तरह की मारपीट की। पीड़ित किसी तरह जान बचाकर वहां से भागा और मामले की शिकायत पुलिस से की। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उसने न्यायालय की शरण ली। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि मामले में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के आदेश पर हरकेश व जगदीश और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।