तेजाब डालने से हुई मौत के बाद छात्रा का शव मंगलवार देर शाम जैसे ही गांव पहुंचा तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। हालांकि, इस दौरान पुलिस वहां तैनात रही, लेकिन उन्हें ग्रामीणों का गुस्सा झेलना पड़ा। एंबुलेंस से शव उतरते ही परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया और अंतिम संस्कार करने से इन्कार करते आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस से नोकझोंक भी हुई। पुलिस हंगामा कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है।
छात्रा के शव का पोस्टमार्टम मेरठ में ही हुआ। मंगलवार देर शाम उसका शव गांव पहुंचा था, जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया। परिवार के लोगों का कहना है कि कुछ साल पहले छात्रा के ताऊ की हत्या कर दी गई थी। उनके कातिलों पर आजतक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी तरह के कार्रवाई के आश्वासन मिलने पर हम शांत हो गए थे। हमारे साथ धोखा हुआ। बेटी की तेजाब डालकर हत्या कर दी गई। इस दौरान परिजनों की पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक हुई। रात आठ बजे तक दोनों पक्षों में नोकझोंक के साथ हंगामा हो रहा था। सीओ दीप कुमार पंत द्वारा देर रात तक परिजनों को समझाने का प्रयास करते रहे। कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस द्वारा शांति व्यवस्था बनाने का प्रयास किया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि शव का अंतिम संस्कार तभी किया जाएगा, जब आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सीओ द्वारा समझाया जा रहा है कि इस मामले में पिता-पुत्र के खिलाफ पहले ही रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है।