मंडी धनौरा। थाना क्षेत्र के गांव शाहबाजपुर गुर्जर निवासी बिजेंद्र सैनी (37) की मौत के मामले में पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। बिजेंद्र के परिजनों ने आरोपियों पर शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया था।
ग्राम शाहबाजपुर गुर्जर निवासी बिजेंद्र सैनी मंगलवार की सुबह अपनी चारपाई पर मृत पाया गया था। उसके पास ही शराब की बोतल पड़ी हुई थी। उसमें शराब व कुछ पदार्थ नीचे जमा हुआ था। पुलिस ने बोतल को जब्त कर लिया था। परिजनों ने गांव के ही एक युवक रोहित व उसके एक साथी नितिन पर शराब में जहरीला पदार्थ मिलाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने बिजेंद्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। थानाध्यक्ष निशांत राठी ने बताया कि मृतक की पत्नी यशोदा की तहरीर पर रोहित निवासी ग्राम शाहबाजपुर व नितिन निवासी ग्राम कलाली के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि बिजेंद्र को जानबूझ कर अधिक शराब पिलाई गई थी। मृतक शराब पी ने का आदी था।