अमरोहा। बैग तैयार करने की फैक्टरी में मशीन लगाने के नाम पर गाजियाबाद की कंपनी के मालिक और एजेंट ने 18 लाख रुपये हड़प लिए। मामले में पुलिस ने दोनों के खिलाफ अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के कल्याणपुर कलक्ट्रेट लिंक बाइपास रोड मोहल्ला अहमदगढ़ में प्रेम सिंह सैनी का परिवार रहता है। उनके बेटे रविंद्र सैनी कारोबारी है। वर्ष 2020 में उन्होंने बैग तैयार करने और उनकी बिक्री करने के लिए प्रेम इंडस्ट्रीज के नाम से फैक्टरी लगाई थी। उनकी मुलाकात गाजियाबाद जनपद के वैशाली में एस 3 टावर 7 फ्लोर क्लाउड निवासी संजय शर्मा से हुई। संजय शर्मा इनटच रिसोर्सेस प्राइवेट लिमिटेड इंपॉर्टेंस के मालिक हैं। जबकि राजकुमार गौतम बुद्ध नगर के एफ 3 सेक्टर 6 में रहने वाला उनका एजेंट है। आरोप है कि दोनों लोग बगैर बुने बैग तैयार करने मशीन बेचने और फैक्टरी में स्थापित करने का कारोबार करते हैं।
उनके एजेंट ने मशीनों के बारे में जानकारी दी और खरीदने के लिए दबाव बनाया। इसके बाद रविंद्र सिंह मशीन खरीदने को राजी हो गए। आरोप है कि रविंद्र सैनी ने फैक्टरी के मालिक संजय शर्मा को कुछ मशीनों का सौदा 18 प्रतिशत जीएसटी के साथ 16 लाख 65 हजार रुपये में कर दिया। इसके बाद 12 जनवरी 2020 को आरोपी फैक्टरी में आए और एक प्रोफार्मा तैयार करके अपने हस्ताक्षर करके दे दिया। मशीन भेजने से पहले 35 प्रतिशत एडवांस रकम लेने की बात कही। इसके बाद पीड़ित रविंद्र सैनी ने अलग-अलग चैक के माध्यम से 16 लाख 73 हजार 500 रुपये दे दिए। लेकिन 25 मार्च 2020 तक भी मशीन नहीं भेजी गई। उसके बाद कोरोना महामारी के कारण पूरे देश में लॉकडाउन लग गया। 6 जून 2020 को आरोपियों ने 41 हजार 780 रुपये और लिए।
इसके अगले दिन साधारण पॉलिथीन में पैकिंग करके मशीन भेजीं। लेकिन मशीनों को स्थापित करने के लिए कोई मैकेनिकल इंजीनियर नहीं भेजा। इसके बाद आरोपियों ने 15 हजार रुपये लेकर 6 जुलाई 2020 को तीन इंजीनियर भेजे। जिन्होंने मशीनों की पॉलिथीन खोलकर बताया कि मशीन सिंगल लेयर फंक्शन वाली हैं। जबकि मोटर पुराना लगा हुआ है। मशीन पूरी तरह जंक खाई हुई है। लिहाजा इंजीनियरों ने मशीनों को स्थापित नहीं किया। पीड़ित रविंद्र सैनी का आरोप है कि आरोपियों से जो मशीन तय हुई थीं वह मशीन नहीं भेजी गई और न ही उनके करीब 18 लाख रुपये वापस किए। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने न्यायालय की शरण ली। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि मामले में सिविल जज के आदेश पर संजय शर्मा और राजकुमार सिंह के खिलाफ अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।