आदमपुर थाना पुलिस की दढ़ियाल चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों से जबरन गांजा तस्कर को छुड़ाने व पुलिस कर्मियों के साथ हाथापाई करने के मामले में पुलिस अधीक्षक के आदेश के बाद थाना पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
सोमवार सुबह लगभग 11 बजे आदमपुर थाना क्षेत्र की दढ़ियाल चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बाइक से गांजा लेकर जा रहा है। दो सिपाही बाइक लेकर उसकी तलाश में लग गए। पुलिस कर्मियों ने चचौरा गांव के निकट आरोपी को पकड़ लिया। उससे 70 ग्राम गांजा भी बरामद किया। पुलिस कर्मी आरोपी को बैठाकर चौकी पर ले जाने लगे। पुलिस कर्मी जैसे ही गांजा तस्कर के घर के सामने से गुजरे तो परिजनों ने पुलिस कर्मियों को रोक लिया और जबरन आरोपी को छुड़ा लिया, पुलिस कर्मियों ने विरोध किया तो उनके साथ हाथापाई भी की गई। शुरू में पुलिस ने अपनी किरकिरी से बचने के लिए मामले को दबाने का प्रयास किया। लेकिन देर रात पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के संज्ञान में मामला आने के बाद जांच कराई गई। एसपी की फटकार के बाद मामले में कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष रामप्रकाश शर्मा ने बताया कि गांजा तस्कर छोटे एवं उसे छुड़ाने के आरोप में दुष्यंत, मुन्नू व आकाश निवासी गांव दढ़ियाल के खिलाफ धारा 323, 332, 353 ,427, 342, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं।