भूमि का कूटरचित दस्तावेजों से बैनामा कराने और महिला पर पिस्टल तानकर धमकाने के मामले में आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने एसपी के आदेश पर यह कार्रवाई की है।
गजरौला के मोहल्ला शुक्लपुरी निवासी ऋचा शुक्ला पत्नी डॉ. रविंद्र शुक्ला ने एसपी को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि ससुर से हिस्से की आवासीय भूमि पर कुछ माफिया किस्म के लोगों की नजर है। वह भूमि को हथियाना चाहते हैं। कुछ समय पहले ससुर के भाई के परिवार के लोगों से हमसाज होकर आवासीय भूमि का फर्जी तरीके से बैनामा कराया गया। अब उस भूमि पर कब्जा करना चाहते हैं। पहले भी परिवार के लोगों को धमकी दी जा चुकी है। एक सितंबर 2024 को ऋचा शुक्ला स्कूटी से जा रही थी। गजरौला मुरादाबाद सर्विस रोड पर कार ने ओवरटेक किया।
कार से उतरे लोगों ने पिस्टल दिखाकर धमकाया और भूमि से कब्जा छोड़ने का दबाव बनाया। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि एसपी के आदेश पर पुलिस ने मुन्नी देवी निवासी मोहल्ला शुक्लपुरी, गजरौला, अनीता व वेदपाल निवासी यकबगड़ी थाना रजबपुर, मनोज निवासी ईशापुर सर्की थाना सैदनगली, नीरज शर्मा निवासी पुरकाजी, मुजफ्फरनगर, रोहित निवासी अटारी मुरीदपुर गजरौला, मंजू व रजनीश निवासी दीनापुर गागलहेड़ी सहारनुपर पर केस दर्ज किया है।