नोएडा से घर जा रहे सैलून का काम करने वाले युवक को लिफ्ट देकर कार सवार बदमाशों ने हथियारों के बल पर एटीएम ले लिया। फोन पे भी कराया। एक लाख 20 हजार रुपये निकाल लिए। युवक सैदनगली थानाक्षेत्र के गांव ढक्का में रहने वाला है। कार सवार बदमाश उसे दिल्ली में कश्मीरी गेट पर छोड़ गए। गजरौला पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक बदमाश को पकड़ लिया।
सैदनगली थानाक्षेत्र के गांव ढक्का निवासी वकील अहमद नोएडा में महिला सैलून चलाता है। बुधवार की रात करीब 12 बजे वह नोएडा से घर के लिए चला। सेक्टर 62 से एक कार में सवार हो गया। बताया जा रहा है कि कार में पहले से ही कई बदमाश सवार थे। उन्होंने कार गाजियाबाद पहुंचते ही वकील अहमद को हथियारों के बल पर कब्जे में ले लिया। इसके बाद उसका एटीएम ले लिया। साथ ही उससे फोन पे कराया। उसके खाते से एक लाख 20 हजार रुपये निकाल लिए। कार सवार बदमाश उसे चौपला तक लेकर आए। यहां से दोबारा कश्मीरी गेट ले गए। जहां उसे छोड़ गए। गौर करनेवाली बात यह है कि एटीएम से रकम गजरौला में निकाली गई। उधर देररात गजरौला थानापुलिस अपराधियों और संदिग्ध लोगों की धर पकड़ के लिए चेकिंग कर रही थी। संदिग्ध हालत में घूम रहे एक बदमाश को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह एटीएम से रुपये निकालने का काम करता है। वकील अहमद के साथ भी वारदात को अंजाम देना कबूल किया।
थाना प्रभारी अरिहंत सिद्धार्थ का कहना है कि बदमाश से पूछताछ की जा रही है। उसने कार में लिफ्ट के बहाने बैठाए वकील अहमद से लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इस संबंध में थाना पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।