अमरोहा। अमरोहा में दूसरे चरण में संपन्न हुए चुनाव के बाद अब मतगणना की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मतगणना चार जून को सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगी। जिसके लिए विधानसभा वार 15 टेबल लगाई जाएंगी। प्रत्याशी हर टेबल पर अपना एक एजेंट बना सकेंगे। मतगणना के दौरान सुरक्षा-व्यवस्था के कड़े बंदोबस्त रहेंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद ईवीएम को मंडी समिति में बने स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवाया गया है। जिसकी त्रिस्तरीय निगरानी की जा रही है। सपा-कांग्रेस गठबंधन प्रत्याशी के समर्थक मंडी समिति में बने कंट्रोल रूम से ईवीएम की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने मतदान के बाद अब मतगणना की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मतगणना में विधानसभा वार 15-15 टेबल लगाई जाएंगी। जिसमें एक टेबल पोस्टल बैलेट के लिए होगी जबकि बाकी टेबल पर ईवीएम से वोटों की गणना की जाएगी। क्रमवार लगातार राउंड में मतगणना आगे बढ़ती चली जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक टेबल पर प्रत्याशी का एक एजेंट मौजूद रहेगा। एजेंट और प्रत्याशी स्वयं मतगणना में मौजूद रहेंगे। मतगणना स्थल पर कर्मचारी, प्रत्याशी और एजेंट के अलावा किसी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश नहीं हो सकेगा।
मंडी समिति परिसर में केवल पास प्राप्त लोग ही प्रवेश कर पाएंगे। उन्होंने बताया कि मतगणना ठीक आठ बजे प्रारंभ होगी। चुनाव आयोग के निर्देश पर सबसे पहले पोस्टल बैलेट की मतगणना होगी। बताया कि मतगणना को लेकर जरूरी तैयारियों को पूरा किया जा रहा है।
-