नगर के मोहल्ला विजय नगर निवासी जुम्मा खान आर्मी के रिटायर सूबेदार हैं। वह सोमवार को नगर के एक एटीएम मशीन पर एटीएम कार्ड लेकर रुपये निकालने गए। दो बार कोशिश करने के बाद भी रुपये नहीं निकले।
इस दौरान तभी एक युवक आ गया। उसने मौका पाकर रिटायर मेजर सूबेदार का एटीएम कार्ड बदल लिया। इधर रुपये नहीं निकल पाने पर वह वापस घर आ गए। उधर युवक ने उनके एटीएम से चार बार में 28 हजार रुपये निकाल लिए। एक बार में उसने साढ़े नौ हजार, साढ़े चार हजार, छह हजार और आठ हजार रुपये निकाल लिए। उनके मोबाइल पर रुपये निकाले जाने का मैसेज आया तो पैरों तले की जमीन खिसक गई। इसके बाद उन्होंने बैंक से स्टेटमेंट निकलवाया। जिसमें चार बार में 28 हजार रुपये निकाले जाने की पुष्टि हुई। वह थाने पहुंचे और पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। थाना प्रभारी राजेश कुमार तिवारी का कहना है कि रुपये निकाले की जानकारी है। तहरीर मिल गई है। जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।