श्रावस्ती निवासी शिव कुमार प्राइवेट बस का चालक है। वह नई दिल्ली से बहराईच तक बस चलाता है। बुधवार की शाम बस को लेकर बहराईच जा रहा था। डबल डेकर बस में 70 यात्री सवार थे। जैसे ही बस गजरौला थानाक्षेत्र में कांकाठेर के सामने पहुंची थी। तभी अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे पलट गई।
इससे बस में सवार विनोद, विजयपाल निवासी भिनगा जिला श्रावस्ती, शिवराज, प्रदीप चौरसिया, रमेश चौरसिया निवासी श्रावस्ती, रामसूरत निवासी परसईया गौसाईं, कमलेश मथुरा बाजार बलरामपुर, राघवेंद्र शालू मौर्य, दद्दन तिवारी निवासी बलरामपुर व बहराईच निवासी राजेश घायल हो गए।
घायलों में चीख पुकार मच गई। हादसे की सूचना पाकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की एंबुलेंस पहुंची। थाना पुलिस और डीएम बीके त्रिपाठी व एसपी आदित्य लांग्हे मौके पर पहुंच गए। हादसे की जानकारी ली। एंबुलेंस से घायलों को निकट के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उनका प्राथमिक उपचार कराया।
चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। क्रेन मंगाकर बस को सीधा कराया। इसके बाद उसे हाईवे पर पहुंचाया गया। हादसे के कारण हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने बामुश्किल जाम खुलवाया। एसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत में सुधार है। कोई जनहानि नहीं है। बस का स्टेयरिंग फेल होने की बात सामने आई है।