उझारी(अमरोहा)। दो मंजिला मकान के कमरे में खेलते समय दो साल की बच्ची अरीबा की खिड़की से नीचे गिर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान बच्ची की मां काम कर रही थी। जबकि, बच्ची खेलते-खेलते खिड़की तक पहुंच गई।
कस्बा उझारी के मोहल्ला दर्जियान में मजदूर नासिर का परिवार रहता है। नासिर की बेटी अरीबा रविवार की शाम को अपने घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में मां अदीबा के साथ थी। कमरे में खिड़की से सटकर बेड पड़ा हुआ था। खिड़की में जाली नहीं थी। बच्ची बेड पर खड़े होकर खिड़की के बाहर झांक कर देखने लगी और संतुलन बिगड़ जाने की वजह से नीचे सड़क पर गिर गई। मासूम के नीचे गिरते ही चीखने की आवाज सुनकर परिजन दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे और बच्ची को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मौत की सूचना से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। अरीबा नासिर की इकलौती संतान थी। दूसरा कोई बच्चा नहीं है। गमगीन माहौल में बच्ची के शव को सुपुर्द के खाक कर दिया गया है।