अमरोहा। यूपी बोर्ड परीक्षा शनिवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। अंतिम दिन 124 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में हाईस्कूल उर्दू व पंजाबी की परीक्षा हुई तो दूसरी पाली में इंटरमीडिएट संस्कृत, कृषि गणित भाग-1 तथा कृषि रसायन भाग-2 परीक्षा हुई। परीक्षा संपन्न होने के साथ ही परीक्षार्थियों के चेहरे खिले नजर आए। अब 16 मार्च से मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू होगी।
शनिवार को पहली पाली में हाईस्कूल उर्दू व पंजाबी विषय की परीक्षा हुई। परीक्षा में 2209 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें 2104 ही उपस्थित हुए। जबकि 105 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं पहली पाली में ही इंटर ट्रेड विषय की परीक्षा भी हुई। इस परीक्षा 102 में से 99 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट संस्कृत, कृषि गणित भाग-1 तथा कृषि रसायन भाग-2 की परीक्षा हुई। परीक्षा में 488 में से 472 ने परीक्षा दी।
डीआईओएस विष्णु प्रताप सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षा नकल विहीन और शांतिपूर्ण संपन्न हो गई हैं। किसी भी केंद्र से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। अब 16 मार्च से मूल्यांकन का कार्य शुरू होगा।
-
शिक्षा और पुलिस प्रशासन ने ली राहत की सांस
यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं सकुशल समाप्त होने पर शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है। वहीं इस बार सख्ती के चलते 2592 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इसमें हाईस्कूल में 1503 और इंटरमीडिएट में 1089 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए जिले को चार जोन, 11 सेक्टरों में बांटा गया था। जिले में 79 केंद्र पर 53383 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इस बार संयुक्त शिक्षा निदेशक मनोज कुमार द्विवेदी व शिक्षामंत्री गुलाब देवी ने परीक्षा केंद्रों का दौरा किया था। संवाद