ढबारसी। क्षेत्र के एक अधिवक्ता ने पुलिसकर्मी पर रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। इस मामले में बातचीत का एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
आदमपुर थाना क्षेत्र के चकफेरी गांव निवासी रवि कुमार पेशे से वकील हैं। वह 21 मार्च को कार से अपने घर वापस आ रहे थे। रवि कुमार के अनुसार जब वह अपने गांव के निकट पहुंचे तो ओवरटेक करने को लेकर उनकी एक बाइक सवार महिला-पुरुष से नोकझोंक हो गई। उनका आरोप है कि इस मामले में पुलिस ने उस महिला से लूट की तहरीर लिखवा ली। पुलिस ने उन पर दबाव बनाकर महिला को सोने की लौंग खरीदवा कर दिलाई साथ ही बीस हजार रुपये भी दिलवाए। उनका यह भी आरोप है कि इस मामले में पुलिस ने भी उनसे 20 हजार रुपए रिश्वत वसूली। इस संबंधा में एक ऑडियो भी वायरल हुआ है। इसमें एक व्यक्ति स्वीकार कर रहा है कि उसके पास पांच हजार रुपये आए हैं और वह उन रुपयों को वापस कर देगा। दावा किया जा रहा है कि पांच हजार रुपये लेने की बात स्वीकार करने की यह आवाज एक पुलिसकर्मी की है। यह वायरल ऑडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है, लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। इस ओडियो के वायरल होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं। थाना प्रभारी कृपाल सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, जांच की जा रही है।