बुरावली। गंगेश्वरी ब्लॉक क्षेत्र के गांव पतेई खादर में राशन की कालाबाजारी पकड़ी गई। एक परचून की दुकान से छह बोरा चावल व एक बोरा गेहूं बरामद किया गया। राशन को कब्जे में करके सील कर दिया है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
क्षेत्र के गांव पतेई खादर के ग्रामीणों ने कुछ दिन पूर्व एसडीएम से शिकायत की थी कि राशन विक्रेता द्वारा राशन की कालाबाजारी की जा रही है। कार्ड धारकों को राशन का वितरण नहीं किया जाता। जबकि सभी कार्ड धारकों के अंगूठे मशीन पर लगवा लिए जाते हैं। राशन लेने जाते हैं तो बदतमीजी की जाती है। शुक्रवार को शिकायत की गई थी राशन विक्रेता द्वारा सरकारी राशन को गांव के ही एक परचून की दुकान पर बेच दिया है। सूचना मिलते ही पूर्ति निरीक्षक गंगेश्वरी वेद प्रकाश अग्रवाल मौके पर पहूंच गए।
उन्होंने परचून की दुकान पर देखा तो छह बोरा यानी तीन क्विंटल सरकारी चावल व पचास किलो यानि एक बोरा सरकारी गेहूं रखा हुआ था। गेहूं सरकारी बोरे में रखा था। जबकि चावल अन्य बोरे में रखा हुआ था। पूर्ति निरीक्षक ने राशन को कब्जे में करके सील कर दिया और दूसरे राशन विक्रेता के सुपुर्द कर दिया है। पूर्ति निरीक्षक वेद प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि छह बोरा सरकारी चावल एवं एक बोरा गेहूं परचून की दुकान से पकड़ा गया है। राशन विक्रेता पप्पू के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।