अमरोहा। भाकियू टिकैत ने विभिन्न मांगों को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने कहा कि वेव शुगर मिल द्वारा किसानों को जो दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, उसमें नकद व उधार के अलग-अलग रेट हैं। इसमें सुधार के साथ ही किसानों ने गन्ने का बकाया भुगतान ब्याज के साथ दिलाए जाने की मांग की।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाध्यक्ष डॉ. चंद्रपाल सिंह ने बैठक का आयोजन कर किसानों की आठ सूत्रीय समस्याओं से संबंधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। जिसमें केवाईसी न कराने के साथ मीटर न लगाए जाने, शुगर मिलों से बकाया गन्ने का तत्काल भुगतान कराने, वेव शुगर मिल द्वारा किसानों उपलब्ध कराई जा रही दवाओं के नकद व उधार के रेट में अंतर होने, सभी तहसीलों में खतौनियों के अंश निर्धारण में त्रुटियों को ठीक कराने पर जोर दिया। इसके अलावा अन्य मांगें भी रखीं। बाद में डीएम राजेश कुमार त्यागी को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर दानवीर सिंह अभिराज सिंह, राजीव कुमार, जयप्रकाश सिंह, शरद यादव, चौधरी सुरेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।