गजरौला। भारतीय किसान यूनियन (संयुक्त मोर्चा ) ने एक्सईन कार्यालय पर धरना देकर 300 यूनिट मुफ्त देने की मांग की। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी ने कहा कि मुफ्त बिजली देने की घोषणा किसानों के साथ धोखा है। किसानों ने एक्सईएन को धरने में बैठाए रखा। हालांकि, बाद में यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक के नाम ज्ञापन सौंप कर प्रीपेड मीटर पर रोक लगाने की मांग की।
सोमवार दोपहर एक्सईएन कार्यालय पर किसान एकत्र हुए। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान सरकार ने मुफ्त बिजली देने की घोषणा की थी, लेकिन अब पंजीकरण कराने से लेकर अन्य कई शर्त लागू कर दी हैं। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी ने कहा कि चीन में बने प्रीपेड मीटर जल्द से जल्द लगाने की तैयारी चल रही है, जबकि इन मीटर पर गुजरात व महाराष्ट्र में रोक लगा दी गई है। प्रीपेड मीटर सबसे पहले बिजली विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों के यहां लगाए जाएं। किसानों ने उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के नाम अपना ज्ञापन एक्सईएन संजीव कुमार को सौंपा।
इस मौके पर सीमा चौधरी, जगदेव सिंह, चरण सिंह, विजयवीर सिंह, कामिल चौधरी, केसर सिंह सैनी, राजवीर सिंह, विकास चौधरी, अंकित चौधरी, अभिषेक भुल्लर, अजब सिंह सैनी आदि शामिल रहे।