बाइक सवार युवकों ने रोडवेज बस चालक को पीटा
गजरौला (अमरोहा)। बस लेकर दिल्ली जा रहे मुरादाबाद रोडवेज डिपो के चालक रजबपुर के यकबगड़ी निवासी विजयपाल सिंह पर बाइक सवार दो युवकों ने रॉड से हमला कर दिया। चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक का आरोप है कि साइड देने के लिए बार-बार हॉर्न बजाने से गुस्साए युवकों ने मारपीट की। परिचालक रोहित निवासी मुरादाबाद ने युवकों पर रुपये लूटने का भी आरोप लगाया है। घायल चालक को सीएचसी में भर्ती किया गया है।
रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव यकबगड़ी निवासी विजयपाल सिंह मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस के चालक हैं। वह मंगलवार की दोपहर एक बजे मुरादाबाद से बस को लेकर दिल्ली जा रहे थे। गजरौला थाना क्षेत्र में पहुंचने पर एक बाइक पर सवार दो युवक बस वाली लेन पर चल रहे थे। चालक विजयपाल सिंह ने साइड लेने के लिए कई बार हॉर्न बजाया। चालक का आरोप है हॉर्न बजाने से नाराज बाइक सवार युवकों ने कुछ आगे चलकर बस रोकवा ली और रॉड से विजयपाल के सिर पर वार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बस चालक हिम्मत का परिचय देते हुए बाइक सवार युवकों से भिड़ गया। घटना के बाद आसपास के लोग इकट्ठे हो गए। जिनको देख आरोपी युवक भाग गए। युवक सलारपुर गांव निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की खबर मिलते ही चालक के परिजन भी आ गए। चालक को उपचार के लिए तुरंत सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से रेफर कर दिया गया। सीओ अरुण कुमार सिंह का कहना है कि घटना की जानकारी है, लेकिन अभी तहरीर नहीं मिली है।
घटना को मोबाइल में कैद करने में लगे रहे यात्री
बाइक सवार दो युवकों ने दिनदहाड़े बस को रोककर चालक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। यहां बड़ी हैरत करने वाली बात है कि बस में सवार यात्रियों में किसी ने भी साहस का परिचय देते हुए युवकों का मुकाबला नहीं किया। वह अपने मोबाइलों में घटना को कैद करने में लगे रहे। आसपास के लोगों का कहना था कि बस सवार यात्री अगर साहस का परिचय देते तो युवक दिनदहाड़े इस तरह की घटना को अंजाम देने की जुर्रत नहीं करते। साथ ही उनको सबक भी मिल जाता। उधर घटना के बाद बस को गजरौला में रोडवेज स्टैंड पर लाया गया। यहां से यात्री को दूसरी बस में बैठाकर गंतव्य को भेजा गया।