रजबपुर। हाईवे पर रजबपुर बाइपास पर कार ने बाइक को पीछे टक्कर मार दी। जिसमें बाइक पर पीछे बैठीं कमला (50) की मौत हो गई। जबकि, बाइक चालक मामूली रूप से चोटिल हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है।
गजरौला थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर गोसाईं निवासी किसान रूम सिंह की पत्नी कमला मंगलवार को गांव के ही युवक कपूर के साथ बाइक से अमरोहा किसी काम से आईं थीं। शाम को काम निपटाने के बाद दोनों बाइक से हाईवे होते हुए रजबपुर बाइपास की ओर जा रहे थे। बताया जाता है कि तभी पीछे से आई आल्टो कार ने बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें कमला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, कपूर मामूली रूप से घायल हो गया।
सूचना पर थाना पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस ने कार को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया। जबकि, शव को भी पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की मौत की सूचना पर परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए। सीओ अरुण कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर मिल गई है। मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।