गजरौला (अमरोहा)। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव हाफिजपुर निवासी पुनीत (33) की मौत हो गई, जबकि साथी रविंद्र घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव हाफिजपुर निवासी पुनीत व उनका दोस्त रविंद्र मंगलवार रात किसी काम से पड़ोसी गांव जा रहे थे। उनकी बाइक गांव रहमापुर के निकट पहुंची थी। बताया जा रहा है कि इस दौरान अज्ञात वाहन आ गया, जिसके चालक ने तेजी और लापरवाही से चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। जिससे पुनीत की मौके पर मौत हो गई, जबकि दोस्त रविंद्र घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस दोनों को सीएचसी लेकर आई। यहां चिकित्सकों ने पुनीत को मृत घोषित कर दिया। रविंद्र की हालत नाजुक होने के कारण रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि हादसे में बाइक सवार की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस कार्रवाई की जा रही है।