हसनपुर(अमरोहा)। संभल मार्ग पर बाइक को पीछे से कार ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक काफी दूर तक फिसलती चली गई। बाइक सवार मासूम समेत तीन दूर जा गिरे। इसके बाद बाइक में आग लग गई। हादसे में मासूम समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है।
शुक्रवार को कोतवाली क्षेत्र के गांव कालाखेड़ा निवासी सद्दाम गांव के ही साथी मुशाहिद और परिवार के तीन वर्षीय मासूम बच्चे मोहम्मद साद की दवाई लेकर हसनपुर कस्बे से गांव लौट रहे थे। संभल मार्ग पर जैसे ही उनकी बाइक संभल अड्डे के नजदीक स्थित कब्रिस्तान के पास पहुंची तो अचानक पीछे से आ रहे कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक काफी दूर तक घिसटती हुई चली गई। बाइक पर बैठे तीनों लोग दूर जा गिरे। जिससे वह घायल हो गए। उधर, बाइक में आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। किसी तरह से आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस ने कार को चालक समेत पकड़ लिया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा ने घायलों का उपचार कराया गया है। कार को कब्जे में कर लिया है। कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।