अमरोहा। हाईवे पर रूट डायवर्जन और देवोत्थान एकादशी के मौके पर शादी समारोह के चलते अमरोहा शहर का बिजनौर रोड बृहस्पतिवार की रात तीन घंटे तक जाम के झाम से जूझता रहा। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया। जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
तिगरी मेले के चलते जिला प्रशासन में हाईवे पर भारी वाहनों की एंट्री बंद कर दी है। ट्रक, डीसीएम, कंटेनर समेत भारी व मालवाहक वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजरा जा रहा है। ऐसी स्थिति में ट्रक व अन्य भारी वाहन जोया और अतरासी से अमरोहा नगर से होकर गुजरे। उधर देवोत्थान एकादशी के मौके पर शहर में शादी समारोह की धूम थी। सड़कों पर कई जगह बारात चढ़ रही थी। ऐसी स्थिति में बृहस्पतिवार की रात नौ बजे के बाद बिजनौर रोड पर वाहनों की संख्या बढ़ते ही टीपी नगर चौराहे से शाह विलायत दरगाह तिराहे तक जाम की स्थिति बन गई।
नौगांवा सादात और जोया की तरफ से आने वाले वाहनों के पहिए थम गए। भीषण जाम लग गया। सूचना मिलते ही टीपी नगर चौकी पुलिस और रज्जाक चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों को हटाकर जाम खुलवाया।
सीओ सिटी विजय कुमार ने बताया कि हाईवे पर रूट डायवर्जन के कारण भारी वाहन शहर से होकर नौगांवा सादात से बिजनौर के लिए निकल पड़े। जिसके चलते जाम की स्थिति बनी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर थोड़ी देर में जाम खुलवा दिया था। तिगरी मेले की समाप्ति तक थोड़ी परेशानी होगी।
-