छह दिन पहले शादी करने वाले युवक के घर बिहार की युवती अपनी बेटी को लेकर पहुंची और जमकर हंगामा किया। युवती का आरोप था कि उसकी युवक से शादी हो चुकी है और यह बेटी उसकी है। युवक के फरार होने पर स्थानीय लोगों ने युवती को समझाकर वापस भेज दिया। मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी जा सकी है।
मामला कस्बे के एक मोहल्ले का है। यहां पर रहने वाले एक युवक की छह दिन पहले ही शादी हुई है। दहेज की मांग नहीं माने जाने पर परिजनों ने शादी से एक दिन पहले उसके दूसरे भाई का रिश्ता तोड़ लिया था। सोमवार को बिहार से पहुंची एक युवती ने युवक के साथ अपनी शादी होने और साथ आई बच्ची के उसकी बेटी होने दावा करते हुए जमकर हंगामा किया। इस मौके पर भीड़ जमा हो गई। हंगामे की भनक लगते ही युवक फरार हो गया। युवती को समझाकर लोग हुसैनी चौक छोड़ आए, जहां से वह अदालत जाने की बात कहकर चली गई। मामले की शिकायत पुलिस से नहीं की गई है।