15 जून को दो पालियों में परीक्षा का आयोजन होगा। पहली पाली सुबह नौ से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर दो से शाम पांच बजे तक चलेगी। परीक्षा के लिए जिले में 11 केंद्र बनाए गए है, जहां पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था रहेगी। प्रत्येक अभ्यर्थी पर कैमरे की नजर होगी। इसके अतिरिक्त सभी परीक्षा केंद्रों पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेगा। प्रशासन ने जनपद को तीन जोन और चार सेक्टरों में विभाजित किया है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया है।
नौ केंद्रों पर 500- 500 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। जबकि, एडब्ल्यूफैजेआम इंटर कॉलेज में 434 और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 400 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा के दिन सुबह छह बजे सेक्टर मजिस्ट्रेट प्रश्न पत्रों के सील्ड पैकेटों को प्राप्त कर पुलिस सुरक्षा में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल सुरक्षा में तैनात रहेगा। परीक्षा में छापेमारी के लिए डीआइओएस व बीएसए के नेतृत्व में सचल दल गठित किए गए हैं।
ये काॅलेज बनाए गए परीक्षा
राजकीय इंटर काॅलेज अमरोहा, कुंदन माडल इंटर काॅलेज अमरोहा, एकेके इंटर काॅलेज अमरोहा, जेएस हिंदू इंटर काॅलेज अमरोहा, जेएस हिंदू पीजी काॅलेज ब्लाक ए, जेएस हिंदू पीजी काॅलेज ब्लाक बी, आइएम इंटर काॅलेज अमरोहा, सिख इंटर काॅलेज नारंगपुर, राजकीय बालिका इंटर काॅलेज अमरोहा, एडब्ल्यूफैजेआम इंटर काॅलेज अमरोहा, राष्ट्रीय इंटर काॅलेज धनौरा।
आज डीएम लेंगे बैठक
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी नौ जून को कलक्ट्रेट सभागार में केंद्र व्यवस्था, जोनल और सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट की बैठक लेंगे। इसके अलावा पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों के बारे में भी जानकारी हासिल करेंगे। परीक्षा में लगाए गए सभी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को उसके बारे में अवगत करा दिया गया है।
- बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। इस संबंध में परीक्षा केंद्र प्रधानाचार्यों को निर्देशित कर दिया गया है।
-विष्णु प्रताप सिंह, डीआईओएस