ढबारसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के कस्बा ढबारसी में शादी समारोह में गजरौला से बैंड आया था। मिनी ट्रक से बैंड की ठेली को उतार कर शादी वाले घर के नजदीक ले जाया जा रहा था। लेकिन रास्ते में नीचे लटक रही हाईटेंशन लाइन का तार बैंड की चपेट में आ गया। करंट लगने से युवक की मौत हो गई। जबकि दो बैंड कर्मी झुलस गए। पुलिस ने झुलसे दो युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया। कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उधर, शादी वाले घर में चल रही खुशियां कम हो गई।
ढबारसी निवासी बजरूद्दीन के पुत्र दिलशाद की मंगलवार को पाकबड़ा बरात जानी थी। सोमवार को मंढ़ा में दावत का कार्यक्रम था। गजरौला के बुलन्द बैंड को दो दिन के लिए बुक करके बुलाया गया था। सोमवार की शाम लगभग 6 बजे बाजे वाले बैंड मास्टर बैंड की ठेली के साथ ढबारसी मिनी ट्रक से पहुंचे। ठेली उतारकर उसे ढकेलते हुए शादी वाले घर की तरफ ले जाया जा रहा था। ठेली को बदरूद्दीन के प्लाट से होकर ले जाया जा रहा था। इस दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में बैंड की ठेली आ गई। उसे धकेल रहे बाइस वर्षीय गोविंदा पुत्र प्रकाश निवासी मोहल्ला मायापुरी थाना गजरौला की मौके पर मौत हो गई। जबकि एजाज पुत्र बाबू मोहल्ला विजय नगर, गजरौला और फुरकान पुत्र इकरार निवासी ग्राम नवादा सम्भल झुलस गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। झुलसे युवकों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी वरुण कुमार मय फोर्स के मौके पर पहुंचे तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
-
घरों के निकट से गुजर रही है जर्जर लाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
ढबारसी। ढबारसी बिजलीघर से निजी नलकूप के लिए गुजर रही हाइटेंशन लाइन जमीन से लगभग 8 फीट ऊपर गुजर रही है। दो खम्भों की दूरी भी 200 सौ मीटर है। मोहल्ले वासियों ने विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से तारों को ऊंचा कराने की मांग की थी लेकिन विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते तारों को ऊंचा नहीं किया गया। घटना से लोगों में रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि काश इन तारों को ऊंचा किया गया होता तो आज एक बैंडकर्मी की मौत ना होती।