लखनऊ में निवेश महाकुंभ के चलते शासन के निर्देश पर दिल्ली से लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को रोक दिया गया है। जिस कारण जोया के टोल प्लाजा के पास हाईवे किनारे भारी वाहनों की दो किलोमीटर लंबी लाइन लग गई है। रोडवेज बस, कार, टैक्सी दूध-दही, गैस समेत अन्य व्यवसायिक वाहनों को निकाला जा रहा है। वहीं, मुरादाबाद की तरफ से दिल्ली की ओर जाने वाली लेन पर भारी और हल्के सभी वाहनों का संचालन जारी है। ये प्लान कल रविवार की शाम तक लागू रहेगा।
लखनऊ में तीन दिवसीय यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 (निवेश महाकुंभ) चल रहा है। इसी तर्ज पर जिला स्तरीय निवेश कुंभ आयोजित किए जा रहे हैं। 10 फरवरी से शुरू हुआ ये समिट 12 फरवरी तक चलेगा। लखनऊ में आयोजित निवेश महाकुंभ में देशभर के उद्यमी शामिल हो रहे हैं। बड़ी संख्या में दिल्ली एनसीआर, हरियाणा, राजस्थान समेत कई राज्यों के उद्यमी अपने निजी वाहनों से लखनऊ पहुंच रहे हैं। उद्यमियों की यातायात सुरक्षा के लिहाज से शुक्रवार की सुबह से दिल्ली की ओर से लखनऊ की ओर जाने वाली लेन पर ट्रक, डीसीएम, कंटेनर या अन्य बड़े वाहनों को हाईवे किनारे रोक दिया गया है।
अमरोहा जनपद में ऐसे सभी वाहनों को जोया टोल प्लाजा के पास हाइवे किनारे रोका गया है। सुबह करीब छह बजे के बाद रोक लगने के बाद थोड़ी देर में भारी वाहनों कि करीब दो किलोमीटर लंबी कतार लग गई। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि शासन के निर्देश पर भारी वाहनों को रखा गया है। लेकिन दिल्ली की तरफ से मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ की ओर वाली रोडवेज, निजी बस, कार, टैक्सी, बाइक, गैस, दूध दही व अन्य खानपान से जुड़े सभी वाहनों को निकाला जा रहा है। जबकि मुरादाबाद की ओर से दिल्ली की तरफ जाने वाले सभी वाहन यथावत चल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि लखनऊ में यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के समापन होने तक भारी वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। ये भी हो सकता है कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के समापन के बाद उद्यमियों के निकलने तक 12 फरवरी को लखनऊ की तरफ से दिल्ली की तरफ जाने वाले भारी वाहनों के संचालन पर रोक लगाई जा जाए। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आदेश नहीं मिले हैं।