हसनपुर। उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य चंद्रपाल खड़गवंशी को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
हसनपुर के राजपूत कालोनी निवासी चंद्रपाल खड़गवंशी उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर को वह रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के बाद अपने घर आराम कर रहा था। इसी बीच दो अलग-अलग मोबाइल नंबर से कई बार कॉल की गई। कॉलर ने खुद को आदमपुर थाना क्षेत्र क गांव देहरी खादर से बताते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने कहा कि इस वक्त तुम कहां हो। पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य से जबाव दिया कि मैं तो घर हूं पर तुम कौन हो। बार-बार कॉल आने पर पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य परेशान हो गए। उन्होंने आदमपुर के थाना प्रभारी वरूण कुमार से मामले की शिकायत की है। उन मोबाइल नंबर को भी बताया जिनसे कॉल आई थी। इसके बाद उन्हाेंने पुलिस अधीक्षक को भी घटना के बारे में अवगत कराते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बताते हैं कि आदमपुर पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस क्षेत्राधिकारी श्वेताभ भास्कर ने बताया कि इस तरह कि कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। यदि ऐसा है तो मामले की जांच कराई जाएगी। जो भी आरोपी होगा। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।