बछरायूं (अमरोहा)। कस्बा निवासी मोहम्मद उवैस यूपी लीग में मेरठ की टीम की ओर से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। मेरठ मेवरिक्स ने उनकाे अपनी टीम में शामिल किया है। उवैस के चयन की जानकारी होने पर परिजनों व कोच ने मिष्ठान वितरित कर अपनी खुशी मनाई। उवैस का सपना एक दिन भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल होना है।
मोहल्ला पीरजादगान निवासी आरिफ चौधरी जनरल स्टोर के स्वामी हैं। उनका बेटा उवैस को शुरू से ही क्रिकेट खेलने का जुनून है। आठ साल की आयु से ही उसने क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया। बेटे के शौक को देखते हुए परिजनों ने भी उसका उत्साहवर्धन किया। उवैस ने साल 2019 में हुई रणजी ट्राफी में अरुणाचल प्रदेश की टीम की ओर से प्रतिभाग किया था। उसने छह मैचों में 214 रन बनाए थे। उसका सर्वाधिक स्कोर 72 रन था। पिछले साल दुबई में हुई मिनी आईपीएल में यूपी की टीम की ओर से खेलते हुए उसका प्रदर्शन ही यूपी लीग में काम आ गया।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने उसके प्रदर्शन को देखते हुए न्यू टेलेंट के रूप में मेरठ की टीम में उसका चयन सुनिश्चित किया। उवैस विकेटकीपर बल्लेबाज है। उवैस के कोच अहमरउददीन का कहना है कि उवैस उभरता क्रिकेटर है और एक दिन वह भारतीय टीम का हिस्सा होगा। अपने सेलेक्शन पर खुशी व्यक्त करते हुए उवैस का कहना था कि हर क्रिकेटर की तरह उसकी भी तमन्ना है कि एक दिन वह भारतीय टीम की कैप पहनें। पिता आरिफ चौधरी अपने बेटे की उपलब्धि पर बेहद प्रसन्न थे।