अमरोहा। खुद को पुलिस इंस्पेक्टर बताकर साइबर ठग ने जिला समाज कल्याण अधिकारी के बाबू से दो लाख रुपये ठगने की कोशिश की। पीड़ित ने रुपये देने से इनकार कर दिया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय में अशोक कुमार प्रधान सहायक के पद पर तैनात हैं। 26 मार्च की सुबह करीब 11:30 बजे अशोक कुमार ऑफिस में बैठे हुए थे। तभी उनके पास अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को पुलिस इंस्पेक्टर बताया। उसके व्हाट्सएप पर पुलिस की वर्दी में डीपी लगी हुई थी। कॉल करने वाले व्यक्ति ने बताया कि आपकी बेटी को गिरफ्तार किया गया है। उसे छोड़ने के नाम पर दो लाख रुपये की मांग की गई। इस दौरान अशोक कुमार ने गलत नंबर डायल करने की बात कहते हुए फोन काट दिया। आरोप है कि फोन करने वाले व्यक्ति ने उनके पास दोबारा कॉल की और जान से मारने की धमकी दी। अशोक कुमार ने मामले की शिकायत एसपी कुंवर अनुपम सिंह से की।
सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में मोबाइल नंबर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ आईटी एक्ट और धमकी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।