मंडी धनौरा। नगर के एक होटल पर गोली मारने की घटना में नामजद युवक को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। बीती 16 मार्च को नगर के होली पार्क स्थित एक होटल पर रात को दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर एक पक्ष ने फायर कर दिया था। गोली वहां खड़े आसिफ नामक युवक को लगी थी। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इस घटना में नामजद तीन आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। थानाध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने बताया कि एक आरोपी मोनू निवासी ग्राम शाहबाजपुर गुर्जर काफी दिन से हत्थे नहीं चढ़ रहा था। सोमवार की रात मुखबिर की सूचना पर मोनू को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीन दिन पहले पुलिस ने इस घटना के मुख्य आरोपी सुमित को रिमांड पर लेकर घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया था।