ट्रेन की चपेट में आकर अर्चना की मौत
- फोटो : अमर उजाला
अमरोहा में देहात थाना क्षेत्र के गांव कल्याणपुरा में रहने वाली इंटर की छात्रा अर्चना (18) की पेपर देने जाते समय सुपरफास्ट ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। जबकि उसकी चचेरी बहन समेत पांच सहेलियां हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गईं। छात्रा की मौत के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजन भी मौके पर आ गए। जीआरपी और थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचे जांच पड़ताल कर
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
छात्रा अर्चना कल्याणपुरा गांव में रहने वाले किसान वेद प्रकाश की बेटी है। वेद प्रकाश के परिवार में पत्नी महेंद्री के अलावा दो बेटे रोहित व अरूण और सबसे छोटी बेटी अर्चना थी। बृहस्पतिवार को यूपी बोर्ड की परीक्षा शुरू हुईं। अर्चना का पेपर दोपहर दो बजे से दूसरी पाली में था। लिहाजा अर्चना अपनी चचेरी बहन तनु और सहेली खुशी, कोमल, भावना और आंचल के साथ राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पेपर देने के लिए जा रही थी।
इस दौरान सभी छात्राएं कल्याणपुरा और जोया रोड स्थित ओवरब्रिज के बीच में रेलवे लाइन के किनारे से जा रही थी। तभी मुरादाबाद की तरफ से मालगाड़ी आ गई। मालगाड़ी से बचने के लिए अर्चना रेलवे लाइन पार कर दूसरे ट्रैक पर पहुंच गई। लेकिन तभी दिल्ली की तरफ से सुपरफास्ट ट्रेन आ गई। दोनों ट्रोनों के बीच में फंसी अर्चना की सुपर फास्ट की चपेट में आकर मौत हो गई। जबकि अन्य चारों छात्राएं बाल-बाल बच गईं।
हादसे के बाद थोड़ी देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।