राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद आईटीआई में प्रवेश से चूके विद्यार्थियों को एक दाखिले का एक और मौका दे रहा है। खाली रह गई सीटों पर वॉक इन सिद्धांत के तहत पहले आओ पहले पाओ के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश पाने के इच्छुक विद्यार्थी 30 अक्तूबर तक दाखिले की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
जिले में अमरोहा, नौगांवा सादात, हसनपुर, गजरौला और गंगेश्वरी में राजकीय आईटीआई शिक्षण संस्थान स्थित है। सभी शिक्षण संस्थानों में चार चरण के दाखिले की प्रक्रिया के बाद भी सीटें खाली रह गई थीं। सीटें खाली रहने के बाद राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद ने फिर से प्रवेश की प्रक्रिया शुरू की है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अमरोहा के नोडल प्रधानाचार्य राहुल कृष्ण शर्मा ने बताया कि रिक्त सीटाें का ब्योरा जारी कर दिया गया है। उन्हीं अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा, जो पहले से आवेदन कर चुके हैं। साथ ही किसी कारणवश प्रवेश नहीं ले पाए हैं। बताया कि सभी अभ्यर्थी 30 अक्तूबर तक प्रवेश ले सकेंगे।
- कहां किस ट्रेड की कितनी सीटें खाली
नोडल प्रधानाचार्य के अनुसार अमरोहा में फैशन डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी की 12, आशुलिपिक हिंदी की एक, वेल्डर की चार, कॉस्मेटोलॉजी की 16, स्विंग टेक्नोलॉजी की 39 और ड्रेस मेकिंग की 40 सीटें रिक्त हैं। हसनपुर में ड्राफ्ट्समैन मैकेनिकल की तीन, कॉस्मेटोलाॅजी की छह, ड्रेस मेकिंग की 37, पेंटर की 10, प्लंबर की 17, वेल्डर की छह, फैशन डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी की 13 सीटें खाली हैं। गंगेश्वरी में कॉस्मेटोलाॅजी की तीन, पेंटर की 20, ड्राफ्ट्समैन की दो, ड्रेस मेकिंग की 40 सीटें खाली रह गई हैं। गजरौला में आशुलिपि हिंदी की आठ, स्विंग टेक्नोलॉजी की 24, कॉस्मेटोलॉजी की 15, इंडस्ट्रीयल रोबोटिक की दो सीटें रिक्त चल रही हैं। नौगांवा सादात में कॉस्मेटोलॉजी की 20, ड्राफ्ट्समैन की एक, ड्रेस मेकिंग की 26, पेंटर 14, प्लंबर की 22, वेल्डर की एक, फैशन डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी की 24 सीटें खाली हैं।
- महिला संबंधी अधिकांश ट्रेडों की सीटें खाली
आईटीआई में महिला संबंधित कई ट्रेड चलाई जा रही हैं। जिसमें सिलाई, कढ़ाई, ब्यूटिशियन आदि की सीटें शामिल हैं, लेकिन प्रवेश की प्रक्रिया के दौरान छात्राओं ने भी प्रवेश में रूचि नहीं दिखाई। यही वजह है कि इसके बाद भी छात्राओं की कई ट्रेडों की सीटें खाली रह गई। आवेदन की प्रक्रिया के दौरान सभी ट्रेडों की सीटों के सापेक्ष करीब दोगुने आवेदन भी हुए। लेकिन इसके बाद भी सीटें भर नहीं पा रही हैं।
- आईटीआई संस्थानों में रिक्त रह गई सीटाें के लिए फिर से आवेदन की प्रक्रिया शुरू हुई है। वॉक इन सिद्धांत के अनुसार प्रवेश लिए जा सकेंगे। रिक्त सीटों को भरने का प्रयास किया जाएगा।
- राहुल कृष्ण शर्मा, नोडल प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई, अमरोहा