जोया। नोएडा में हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वह ट्रैक्टर-ट्राली में ईंट भरकर नोएडा बेचने गया था। परिजनों ने बगैर कार्रवाई के शव को सुपुर्दे खाक कर दिया है।डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव भवालपुर माफी निवासी सुवान अली ईंट का कारोबार करता था। उसके परिवार में पत्नी आशमीन के अलावा दो बच्चे हैं। तीन भाइयों में सबसे बड़ा सुवान अली गुरुवार को ईंटे लेकर बेचने के लिए नोएडा के तिलपता चौक पर गया था। बताते हैं कि वहां पर पास के गांव कमालपुर जैद निवासी एक व्यक्ति की ट्रैक्टर-ट्राली नाले में फंस गई थी। सुवान भी वहां खड़े होकर उसकी ट्रैक्टर-ट्राली को बाहर निकलवाने का प्रयास कर रहा था। अचानक ट्रैक्टर तेज रफ्तार से उछला तथा पास खड़े सुवान को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर घायल सुवान को साथियों ने स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया। गुरुवार रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचे परिजन बगैर कार्रवाई शव को घर ले आए। शुक्रवार को परिजनों ने मृतक को सुपुर्दे खाक कर दिया।