सुल्तानठेर मोहम्मदपुर गांव में मां के साथ चारा लेने गई नौ वर्षीय सविता पर कुत्तों ने हमला कर दिया। मां और अन्य लोग उसे बचाने दौड़ते तब तक खूंखार कुत्ते उसे बराबर के खेत में खींच ले गए। जगह-जगह गहरे जख्मों से बच्ची की मौत हो गई।
घटना शनिवार शाम करीब छह बजे की है। सुल्तानठेर मोहम्मदपुर निवासी भगवत की पत्नी रुमालो देवी पशुओं का चारा लाने खेत पर गई थीं। कक्षा तीन में पढ़ने वाली बेटी सविता भी उनके साथ थी। रुमालो देवी खेत में चारा काटने लगीं, जबकि सविता पगडंडी पर बैठ गई। इस बीच वहां पहुंचे कुत्तों के झुंड ने बच्ची पर हमला कर दिया। कुत्तों द्वारा पास के खेत तक घसीटी गई बच्ची की चीखें सुनकर मां और नजदीक मौजूद लोग वहां पहुंचे। कुत्तों को भगाकर बुरी तरह घायल बच्ची को घर लाए। अस्पताल ले जाते समय बच्ची ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
कुत्ते पकड़वाने के लिए एसडीएम ने टीम बनाई
कुत्तों के हमले में बच्ची की मौत का पता चलते ही एसडीएम धनौरा राजीव राज व सीओ धनौरा अरुण कुमार सिंह सुल्तानठेर मोहम्मदपुर गांव पहुंचे। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। दहशत में आए ग्रामीणों को कुत्ते पकड़वाने का आश्वासन दिया। कहा कि इसके लिए टीम गठित कर दी है।