अमरोहा। मालीखेड़ा के स्पोर्ट्स स्टेडियम के विकास और विस्तार को लेकर अब आस जगने लगी है। खेल और खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाओं को यहां लंबे समय से अभाव है। कबड्डी, क्रिकेट, कुश्ती, बैडमिंटन समेत अन्य खेलों के लिए यहां कोई इंतजाम नहीं हैं। खेल विभाग लगातार शासन स्तर से बजट की मांग भी करता आ रहा है। बावजूद, कोई पहल नहीं हो रही है। अब जनप्रतिनिधि स्टेडियम में सुधार के लिए आगे आ गए हैं।
जिले को 11 माह पूर्व स्टेडियम की सौगात मिली थी। खेल मंत्री रहे पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान के प्रयास से खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए मालीखेड़ा में 53 बीघा जमीन में 10.69 करोड़ की लागत से स्टेडियम का निर्माण कराया गया था। उसके बाद से अब तक यहां खेलों को लेकर विस्तार नहीं हो सका है। आउटडोर के अलावा इंडोर गेम्स की शुरुआत भी नहीं हो सकी है। इसकी सबसे बड़ी वजह यहां सुविधाओं का अभाव रहना है। हालांकि, यहां एथलेटिक्स, कुश्ती के कोच की तैनाती तो है, लेकिन संसाधन उपलब्ध नहीं हो सके हैं। खिलाड़ियों को दूसरे जिलों या प्राइवेट कैंपों का सहारा लेना पड़ रहा है। हालांकि, पिछले दिनों प्रशासन ने क्रिकेट पिच तैयार करने की जिम्मेदारी ली। जिसके बाद पिच तैयार भी हो गई है, लेकिन अन्य सुविधाएं अभी नहीं मिल सकी हैं। इसे लेकर जिले के सांसद और शिक्षक विधायक ने अपनी ओर से हर संभव सहायता दिलाने की बात कही है।
-
खेल विभाग की ओर से अभी तक मुझसे किसी तरह की मांग नहीं की गई है। स्टेडियम में सुविधाएं बढ़ाने को लेकर मेरी ओर से हर संभव प्रयास किया जाएगा। स्टेडियम को लेकर को लेकर विधान परिषद में अपनी ओर से बात रखी जाएगी। जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री से भी सुविधाओं और संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी।
-हरि सिंह ढिल्लो, एमएलसी
-
जिले में स्टेडियम को बने 11 माह से अधिक हो चुके हैं, लेकिन शासन की अनदेखी से खेलों को बढ़ावा नहीं मिला। मेरी ओर से हर संभव सुविधाएं दिलाने का प्रयास रहेगा। जिला खेल विभाग ने अभी तक मुझसे मांग नहीं की है। लेकिन, मेरे द्वारा क्रिकेट व अन्य खेलों के लिए जो बन पड़ेगा, वह किया जाएगा।
-कुंवर दानिश अली, सांसद
-