मुख्यमंत्री ने 2018 में दी थी इंटीग्रेटेड पैक हाउस की सौगात
वर्ष 2018 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमरोहा के आम और सब्जी कारोबारियों को बड़ी सौगात दी थी। इसके बाद वर्ष 2021 में जिले में मैंगो पैक हाउस के निर्माण को मंजूरी मिल गई थी। करीब दो साल में 1442.55 लाख रुपये की लागत से मंडी समिति परिसर में मैंगो एवं वेजिटेबल इंटीग्रेटेड पैक हाउस की बिल्डिंग बनकर तैयार हो गई है। पैक हाउस पूरी तरह तैयार है। मशीनें लग चुकी हैं। कार्यदायी संस्था के पैक हाउस का हैंडओवर प्रक्रिया भी बृहस्पतिवार को पूरी हो गई है। 17 जून को पैक हाउस को चालू कर दिया जाएगा। इंटीग्रेटेड पैक हाउस में आम ही नहीं सब्जियों को भी बाजार तक भेजने में काफी आसानी होगी। अब सब्जियां बेकार नहीं हो पाएंगी। काफी समय तक उसको सुरक्षित रखा जा सकेगा। इससे किसानों को फायदा मिलेगा। यहां निर्यात कर वह अपनी फसल को अच्छे मुनाफे में बेच सकेंगे। कृषि मंत्री का विभागीय कार्यक्रम मिल गया है। - सचिन शर्मा, सचिव मंडी समिति अमरोहा
यह होगा फायदा
जिले में इंटीग्रेटेड पैक हाउस के जरिए मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, बरेली, संभल और हापुड़ के किसान अपने खेत में उगाई सब्जी व फल देश और विदेश भेज सकेंगे। उनकी आमदनी कई गुना बढ़ जाएगी। जिले में करीब 12 हजार हेक्टेयर भूमि पर आम के बाग हैं। कुल पैदावार में से करीब दो हजार मीट्रिक टन आम दूसरे राज्यों व विदेश में भेजा जाता है। खाड़ी देशों में अमरोहा आम खूब पसंद किया जाता है। इंटीग्रेटेड पैक हाउस तैयार हो गया है। आम या सब्जी निर्यात के लिए अमरोहा को लखनऊ और सहारनपुर के पैक हाउस पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। आम खराब नहीं होगा। आम उत्पादक अपना आम पैक हाउस में एक सप्ताह तक सहेज कर रख सकेंगे। 17 जून को 10 बजे कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही पैक हाउस का शुभारंभ करेंगे। तभी कंटेनर के जरिए 25 टन दशहरी आम की पहली खेप दुबई भेजी जाएगी। जिसे कृषि मंत्री हरि झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। - नदीम सिद्दीकी, अध्यक्ष, उप्र मैंगो एक्सपोर्ट एसोसिएशन
25 टन दशहरी आम जाएगा दुबई
17 जून को ही इस मौसम में पहली बार 25 टन दशहरी आम समुद्र के रास्ते दुबई भेजे जाएंगे। जिसे कृषि मंत्री हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। अमरोहा से आम को कैंटर में भरकर मुंबई भेजा जाएगा, जहां से समुद्र के रास्ते दुबई जाएंगे। उत्तर प्रदेश मैंगो एक्सपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष नदीम सिद्दीकी ने बताया कि दुबई के अलावा सऊदी अरब, बहरीन, कुवैत, ओमान से भी आम भेजने के लिए ओपन ऑर्डर मिले हैं। इन देशों ने स्पष्ट कर दिया है कि जितना आम भेजा जा सके उतना भेज सकते हैं।
कई निर्यात फर्मों ने जिले में डाला डेरा
खाड़ी देशों समेत अमरोहवी आम का इटली, स्पेन, जर्मनी, हालैंड से लेकर लंदन और दूसरे विदेशी मुल्कों तक निर्यात किया जाता है। वहीं, देश की अन्य निर्यात फर्मों से जुड़े दिल्ली, मुंबई, आंध्र प्रदेश, गुजरात, बंगलुरू व अन्य शहरों के कारोबारियों ने भी सीजन शुरू होते ही अमरोहा में अपना डेरा जमा लिया है। खरीद-फरोख्त के लिहाज से पेड़ पर ही आम की क्वालिटी को परख कर सौदा तय करते हैं।
आंकड़ों पर एक नजर
12000 हेक्टेयर में हैं आम के बाग।
2000 मीट्रिक टन आम देश-विदेश निर्यात होता है।
6000 हेक्टेयर में होती है सब्जी की पैदावार
10 जुलाई को तारापुर कृषि विज्ञान केंद्र पर होगा मैंगो शो
तारापुर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र पर आम उत्पादकों की जागरूकता के लिए दस जुलाई को मैंगो शो का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुरादाबाद मेरठ और सहारनपुर मंडल के आम उत्पादक प्रतिभाग करेंगे। शो में प्रदेशभर में पैदा होने वाली आम की नई प्रजातियों को दिखाया जाएगा। साथ ही गुणवत्ता और पैदावार के बारे में उत्पादकों को जानकारी दी जाएगी। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक इसकी तैयारियों में जुट गया है। इस कार्यक्रम में भी कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के आने की संभावना है।