डिडौली में ससुराल वालों ने दहेज के लिए प्रताड़ित किया तो विवाहिता ने मुकदमा दर्ज करा दिया। ससुराल वालों ने विवाहिता पर मुकदमा वापस लेने का कई बार दबाव बनाया। इन्कार करने पर उसके साथ मारपीट की गई और पति ने तीन तलाक दे दिया।
पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जोई में रहने वाले अन्जार अली की बेटी हुमा की शादी डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव हुसैनपुर निवासी अताउर्रहमान के साथ हुई थी। ससुराल वालों ने उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया तो वह मायके आ गई।
इसके बाद ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा दिया। आरोप है कि सात अगस्त की सुबह नौ बजे पति अताउर्रहमान अपने परिजनों के साथ घर आया और मुकदमे में फैसला करने के लिए दबाव बनाने लगा।
विरोध करने पर मारपीट की। गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं पति ने तीन तलाक देकर रिश्ता तोड़ लिया। पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। विवाहिता ने मामले की शिकायत थाना पुलिस से की।
सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि मामले में पति अताउर्रहमान, नूरजहां, तोला और नूर हसन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।