अमरोहा में तीन दिन पहले प्रेमी के साथ गई युवती ने दिल्ली में निकाह कर लिया। परिजनों ने दर्ज कराई गई एफआईआर को गलत ठहराने के लिए पुलिस के व्हाट्सएप पर निकाह के प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेज भेजें है। ये मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला का है।
यहां पर कारोबारी का परिवार रहता है। उसकी बेटी का प्रेम प्रसंग दूसरे मोहल्ले के युवक से चल रहा था। युवक दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। करीब तीन दिन पहले युवती अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चला।
लिहाजा कारोबारी ने सोमवार को कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। शक के आधार पर प्रेमी और बेटी का मोबाइल नंबर भी पुलिस को दिया। परिजनों का आरोप था कि उनकी बेटी नाबालिग है लेकिन पुलिस ने जांच शुरू की और दोनों नंबर पर संपर्क किया तो पुलिस के होश उड़ गए।
पुलिस को युवती ने बताया कि वह बालिग है। वह अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ दिल्ली आई है और उसने निकाह कर लिया है। इसके बाद युवती ने पुलिस के व्हाट्सएप पर निकाह का प्रमाण पत्र भेजा। साथ ही उम्र की तस्दीक करने के लिए अपना आधार कार्ड भी भेजा है।
अब पुलिस ने प्रेमी युगल को अपने बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है। सीओ सिटी ने बताया कि युवती के बयानों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।