जन्मदिन पर गिफ्ट भेजने का झांसा देकर विदेशी फेसबुक दोस्त ने युवक से 1.90 लाख रुपये हड़प लिए। इसके बाद भी उपहार नहीं मिला। ठगी का एहसास होने पर युवक के होश उड़ गए। उसने मामले की शिकायत मुरादाबाद साइबर सेल थाने में की। जिसके बाद रजबपुर पुलिस ने आरोपी फेसबुक दोस्त के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट में एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच साइबर सेल कर रही है।
रजबपुर थानाक्षेत्र के गांव चांदनगर में दिवंगत सुंदरपाल सिंह का परिवार रहता है। उनका बेटा कावेंद्र सिंह एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। उसका फेसबुक पर अकाउंट है। कुछ दिन पहले फेसबुक पर जरिच डोनाल्ड नाम की महिला उसकी दोस्त बनी थी। दोनों आपस में बात-चीत करते थे। आरोप है कि फेसबुक दोस्त जरिच डोनाल्ड ने कांवेंद्र सिंह को व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर बताया कि जन्मदिन पर एक गिफ्ट भेज रही है।
जिसमें 50 हजार डॉलर कैश और अन्य समान है। इस समान को लेने के लिए तुम्हें केवल कस्टम चार्ज देना होगा। जिसके बाद पार्सल मिल जाएगा। इस दौरान कावेंद्र सिंह फेसबुक दोस्त के झांसे में आ गया। आरोप है कि 12 जुलाई 2021 को उसके मोबाइल पर कॉल आया और उसने यूनियन बैंक ब्रांच रायबरेली के खाते में रुपये ट्रांसफर करने की बात कही। जिसके आधार पर कावेंद्र सिंह ने खाते में 1 लाख 90 हजार 900 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
लेकिन कोई पार्सल नहीं मिला। जिसके बाद कावेंद्र को धोखाधड़ी का एहसास हुआ तो उसने मामले की शिकायत मुरादाबाद साइबर सेल थाना प्रभारी से की। रजबपुर इंस्पेक्टर संत कुमार ने बताया कि मामले में कावेंद्र सिंह की फेसबुक दोस्त जरिच डोनाल्ड के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।