पत्नी की बरामदगी की मांग को लेकर किसान अपने पांच वर्षीय बेटे के साथ 70 फीट ऊंचे बिजली के टावर (खंभा) पर जाकर बैठ गया। पत्नी के वापस नहीं आने पर टावर से कूद कर जान देने की धमकी दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के होश उड़ गए। सीओ के साथ पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पत्नी के वापस आने पर किसान ढाई घंटे बाद टावर के नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
नौगावा सादात थानाक्षेत्र के गांव में किसान का परिवार रहता है। आरोप है कि 3 सितंबर को गालिब बाड़ा गांव का रहने वाला युवक किसान की पत्नी को बहला फुसलाकर ले गया और कहीं छिपा दिया। पत्नी घर से काफी जेवरात लेकर गई थी जबकि अपने दो छोटे-छोटे बच्चों को घर पर ही छोड़ गई। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चला। लिहाजा उसने नौगांवा सादात थाने में युवक के खिलाफ अपनी पत्नी के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया।
चर्चा है कि शुक्रवार को पुलिस ने पत्नी को बरामद कर लिया और न्यायालय में बयान दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी। इस बीच किसान अपने दोनों बच्चों को लेकर पछदिया गांव के अड्डे पर पहुंचा और पत्नी को बरामद करने की मांग करते हुए 70 फीट ऊंचे एक बिजली के टावर पर चढ़ कर बैठ गया। उसके साथ उसका पांच वर्षीय बेटा भी था जबकि एक बेटा टावर के नीचे बिलखता रहा।
किसान के टावर पर चढ़ने के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सीओ सतीश चंद पांडेय फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। किसान पत्नी को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ा रहा। करीब ढाई घंटे बाद पुलिस ने किसान की पत्नी को मौके पर बुलाया। इसके बाद किसान अपने बेटे के साथ टावर से नीचे आ गया। किसान के नीचे आने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस ने पत्नी को किसान के साथ भेज दिया है।
पुलिस ने कहा...
किसान अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। जिसके चलते वह घर से चली गई। किसान ने दीपक नाम के व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने उसकी पत्नी को बरामद कर लिया। जब इसकी जानकारी किसान को मिली तो वह बच्चों के साथ टावर पर चढ़कर बैठ गया। फिलहाल पत्नी को किसान के साथ घर भेज दिया गया है। पत्नी ने न्यायालय में भी यही बयान दर्ज कराया है कि उसका पति मारपीट करता है जिसके चलते वह घर से चली गई थी। अब वह अपने बच्चों के साथ रहना चाहती है।
-सतीश चंद पांडे य सीओ