गजरौला। बिजनौर बैराज से गंगा में 65,711 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। मगर जलस्तर बढ़ने के बाद तिगरी में गंगा का जलस्तर 30 सेमी कम हो गया। जिससे बाढ़ प्रभावित गांव के लोगों ने राहत महसूस की है। खतरे के निशान से गंगा का जलस्तर दो मीटर दूर है।
बिजनौर बैराज से बुधवार को गंगा में पानी छोड़ा गया। सुबह आठ बजे तिगरी में गंगा का जलस्तर 200.30 गेज मीटर दर्ज किया गया। 24 घंटे में गंगा का जलस्तर 30 सेमी कम हो गया। मंगलवार को तिगरी में गंगा का जलस्तर 200.60 गेज मीटर दर्ज किया गया था। 24 घंटे में जलस्तर कम होने से गंगा किनारे और खादर के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
किसानों का कहना है कि गंगा का जलस्तर कम होने से पानी में डूबी फसलों को राहत मिलेगी। साथ ही उनको चारा आदि लाने में हो रही दिक्कत भी कम होंगी। खेतों में भरा पानी निकल जाने से फसलों की वृद्धि भी प्रभावित नहीं होगी। जेई अनवर बहादुर खान का कहना है कि तिगरी में गंगा का जलस्तर 30 सेमी कम हो गया है। तिगरी में गंगा का खतरे का निशान 202 गेज मीटर है, जबकि गंगा का जलस्तर 200.60 से ऊपर नहीं पहुंचा है।