गजरौला। स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। संदिग्ध लोगों के वाहन और सामान को चेक किया। रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, जीआरपी ने पुलिस के साथ चेकिंग की। डॉग स्क्वायड से स्टेशन परिसर में यात्रियों के सामान और संदिग्ध वस्तुओं को सुंघाया।
शुक्रवार को पुलिस द्वारा रोडवेज स्टैंड, रेलवे स्टेशन, सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। देखा कोई असामाजिक तत्व किसी ऐसी चीज के साथ तो नहीं घूम रहा है, जो खतरनाक हो। रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ थाना प्रभारी अखिलेश कुमार व जीआरपी चौकी इंचार्ज मनोज पंवार के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान डॉग स्क्वायड टीम ने रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान और संदिग्ध वस्तुओं को सूंघ कर चेक किया कि कहीं कोई विस्फोटक पदार्थ तो नहीं छिपा है। साथ ही ऐलान के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया कि किसी भी अजनबी या अंजान व्यक्ति के हाथ का कोई सामान न खाएं। अन्यथा जहरखुरानी गिरोह का शिकार बन सकते हैं।