गजरौला (अमरोहा)। रोडवेज स्टैंड पर जल्द ही बसों का ठहराव बढ़ेगा और यात्रियों के लिए सुविधाओं में इजाफा होगा। यात्रियों को बाहर आने जाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। गजरौला में मंडी धनौरा के विधायक राजीव तरारा के विवाह के बाद नव दंपती को आशीर्वाद देने पहुंचे परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने विधायक की मांग पर परिवहन निगम के आरएम को निर्देश दिए कि रोडवेज स्टैंड को जल्द से जल्द और बेहतर कराया जाए।
सोमवार की सुबह 11 बजे हाईवे किनारे होटल में आयोजित कार्यक्रम में आशीर्वाद देने पहुंचे प्रदेश के परिवहन मंत्री से विधायक ने रोडवेज बस स्टैंड को विकसित कराने, बसों के ठहराव की मांग रखी। नव दंपती को आशीर्वाद देने के बाद परिवहन मंत्री ने प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि स्थानीय विधायक ने कई बार यह मुद्दा उठाया कि गजरौला में स्टैंड पर बसों का ठहराव नहीं होता। दिल्ली की दिशा में जाने वाली बस ओवरब्रिज के ऊपर से गुजर जाती हैं। शाम को ताला लग जाता है। गजरौला और आस पास के लोगों को बाहर आने जाने में दिक्कत न हो, इसके लिए रोडवेज स्टैंड को उच्चीकृत किया जाएगा। यहां पर बसों का ठहराव बढ़ेगा और यात्रियों के लिए सुविधाओं में इजाफा होगा। उन्होंने फोन कर परिवहन निगम के आरएम को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द से स्टैंड का उच्चीकृत कराए जाने का काम शुरू कराया जाए।
डिपो के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश
स्थानीय विधायक राजीव तरारा ने परिवहन मंत्री को हाईवे किनारे भूमि दिखाई। जिस पर उन्होंने रोडवेज डिपो बनाए जाने की मांग की। कहा कि डिपो बन जाने से गजरौला की प्रगति में इजाफा होगा। जिस पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने आरएम को गजरौला में रोडवेज डिपो के लिए प्रस्ताव तैयार कर उनके पास भेजने के निर्देश दिए। जिससे जल्द से जल्द रोडवेज डिपो बनाए जाने के लिए शासन स्तर पर काम कराया जा सके। विधायक ने दावा किया कि परिवहन मंत्री के निर्देश पर कुछ ही देर बाद आरएम का फोन आ गया। जल्द ही जल्द वह रोडवेज डिपो के लिए भूमि देखने आएंगे।