जिलेभर में बृहस्पतिवार को अहोई अष्टमी का त्योहार मनाया। जिसको लेकर महिलाओं में भी खासा उत्साह देखा गया। माताओं ने निर्जल व्रत रहकर पूजा-अर्चना कर संतानों की दीर्घायु और सुख समृद्धि की कामना की। महिलाओं ने सुबह उठकर स्नान, ध्यान करके पुत्र के दीर्घायु के लिए संकल्प लेकर पूरे दिन निर्जल व्रत रखा। अंत में काला तिल और लाल गंजी का प्रसाद ग्रहण कर श्रीगणेश की वंदना स्तुति करने के पश्चात दान देकर व्रत का समापन किया।
अहोई व्रत के चलते बाजारों में चहल पहल देखी गई। महिलाओं ने संतानों की दीर्घायु के लिए कथा भी सुनी। अपनी संतान की लंबी उम्र सुखमय जीवन के लिए कामना की। सायंकाल को पूजा करने के पश्चात महिलाओं ने सास-ससुर के पैर छूकर उन्हें पोशाक और शृंगार का सामान श्रद्धा पूर्वक रुपये देकर आशीर्वाद लिया। रात को तारे देखकर अपना व्रत को पूरा किया गया।